नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित
कटिहार, 31 जुलाई (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माई भारत, कटिहार द्वारा पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय, कटिहार में 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान के तहत नशा मुक्ति विषय पर जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार विधायक तार किशोर प्रसाद थे। इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी रीना गुप्ता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी बृज मोहन यादव, प्रधानाचार्य डॉ. उमेश कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित आठ विधाओं में किया गया, जिसमें चित्रकला, भाषण, निबंध, कविता और पोस्टर निर्माण जैसे रचनात्मक माध्यमों से नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश दिया गया। निर्णायक मंडल द्वारा चयनित विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कटिहार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को 15 अगस्त के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा।
संबोधन के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताया और युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। वहीं, माई भारत, कटिहार के जिला युवा अधिकारी नीरज कुमार झा ने कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह