नशामुक्त बिहार अभियान:विद्यालयों में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

 


कटिहार, 05 नवंबर (हि.स.)। नशामुक्त बिहार अभियान के द्वितीय चरण 'गाँव का संकल्प' के अंतर्गत गुरुवार को जिले के विद्यालयों में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में मद्य निषेध विभाग, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय एवं जीविका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना तथा जनसहभागिता से नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।

अभियान के दौरान वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों को नशे की लत से होने वाली गंभीर शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और आर्थिक क्षति के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि नशा किस प्रकार हंसते-खेलते परिवारों को बर्बादी के कगार पर पहुंचा देता है और सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाता है। एक स्वस्थ, सशक्त और प्रगतिशील समाज के निर्माण में विद्यार्थियों और युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें समाज का सच्चा मार्गदर्शक बताया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों से स्वयं हर प्रकार के व्यसन से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने परिवार, टोले और गांव को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति के इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

जिला जनसंपर्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस त्रिस्तरीय साझा अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जागरूकता का प्रसार करना है, ताकि व्यापक जनसहभागिता के माध्यम से राज्य सरकार के नशामुक्त बिहार के संकल्प को धरातल पर पूरी तरह साकार किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह