पूर्णिया पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान रैली का हुआ आयोजन
पूर्णिया, 24 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार पुलिस सप्ताह के अवसर पर आज पुलिस केंद्र पूर्णिया में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारियों, जवानों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश दिया।
रैली की शुरुआत पुलिस केंद्र परिसर से की गई, जहां अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। रैली पुलिस केंद्र से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करती रही।
प्रतिभागियों के हाथों में “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “युवा शक्ति, नशा मुक्त शक्ति” और “स्वस्थ समाज, सुरक्षित भविष्य” जैसे स्लोगन लिखे तख्तियां देखी गईं।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। विशेषकर युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है, जिससे न केवल उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है बल्कि परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सामूहिक भागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है।
ज्ञात हो कि हर वर्ष बिहार पुलिस सप्ताह के दौरान विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में पूर्णिया में यह नशा मुक्ति रैली आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और युवाओं को सकारात्मक दिशा की ओर प्रेरित करना है।
पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें और यदि किसी प्रकार की नशे की प्रवृत्ति दिखाई दे तो तत्काल परामर्श और उपचार की व्यवस्था करें। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से आग्रह किया कि अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह