पुलिस अधीक्षक  के नेतृत्व में चलाया गया नशा मुक्ति जागरूकता अभियान

 


पश्चिम चम्पारण(बगहा),23 फरवरी(हि.स.)। समाज को नशा मुक्ति एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से आज सोमवार को पुलिस अधीक्षक बगहा के नेतृत्व में पुलिस केन्द्र बगहा से मलकौली चौक तक नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत हरी झंडी दिखाकर फ्लैग मार्च निकला गया।

फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक किया गया। उन्हें नशा से दूर रहने की अपील की गई। पुलिस पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि नशा सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक विघटन का मुख्य कारण है, इसके विरुद्ध सामूहिक प्रयास आवश्यक है।

मार्च के दौरान नागरिकों को यह भी संदेश दिया गया कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने को कहा गया। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) मौजूद रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी