नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया गया स्वस्थ जीवन का संदेश

 


भागलपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले के सबौर प्रखंड में नशे की लत को छोड़ो, स्वस्थ जीवन से नाता जोड़ो अभियान के तहत गुरुवार को व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जीविका दीदियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन, बीसीओ विकास कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार, जीविका स्कूल संघ की अध्यक्ष मानुषी देवी सहित प्रखंड के कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं। सभी ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने यह दिखाया कि शराब और अन्य मादक पदार्थों की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक सम्मान और बच्चों के भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प भी लिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन ने कहा कि नशा समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। इसके प्रति लोगों को लगातार जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां गांव-गांव जाकर इस अभियान को और मजबूत करेंगी ताकि अधिक से अधिक लोग नशे से दूर होकर स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जनभागीदारी बढ़ाकर नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन का रूप देना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर