विश्व नशा मुक्ति दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
सीवान, 26 जून (हि.स.)। विश्व नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सदर अस्पताल परिसर में जिला गैर संचारी रोग कोषांग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मरीजों, उनके परिजनों तथा अस्पताल में मौजूद लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि अनेक नई समस्याओं की शुरुआत है। यह व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार की खुशहाली और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। युवाओं को विशेष रूप से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। यदि कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा है तो उसे समय पर परामर्श और उपचार उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। आइए, विश्व नशा मुक्ति दिवस पर नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लें।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में नशा मुक्ति से संबंधित बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रयोग और अवैध व्यापार के खिलाफ जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. ओमप्रकाश लाल, डॉ. अनूप कुमार दुबे, अस्पताल प्रबंधक कमलजीत कुमार सहित कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma