भागलपुर में दशहरा मेलों पर रहेगी 'ड्रोन' की नजर, कंट्रोल रूम से चौबीसों घंटे निगरानी
भागलपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि और दशहरा मेलों के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पूजा पंडालों और मुख्य मेला परिसरों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए इस बार आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। शहर के सभी संवेदनशील और प्रमुख चौक-चौराहों पर आसमान से 'ड्रोन' कैमरों के जरिए हाईटेक निगहबानी शुरू कर दी गई है।
मेला क्षेत्र की पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर दिया गया है। आपातकालीन स्थितियों से त्वरित निपटने और विधि-व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम में तीन पालियों में दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है।
ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड सीधे कंट्रोल रूम में मिल रही है, जहां से अधिकारी सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, पूजा के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और मनचलों से पुलिस कड़ाई से निपटेगी। सादे लिबास में भी महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों को भीड़ वाले इलाकों में तैनात किया गया है।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को देखते ही तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को सूचित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर