डीआरएम ने किया सिंहाबाद स्टेशन का औचक निरीक्षण, यात्री सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
कटिहार, 01 अगस्त (हि.स.)। कटिहार रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम ) किरेंद्र नरह ने शनिवार को सिंहाबाद रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर रेल प्रशासन की कार्यशैली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विकास कार्यों की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने यात्रियों को उच्च कोटि की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि यात्रियों की सुख-सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि डीआरएम किरेंद्र नरह अपनी कर्तव्यनिष्ठ, सक्रिय और संवेदनशील कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं। वे लगातार अपनी टीम के साथ कटिहार मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों का दौरा कर विकास योजनाओं की प्रगति की खुद समीक्षा कर रहे हैं। उनके नियमित निरीक्षणों का ही परिणाम है कि लंबित परियोजनाओं में तेजी आई है और रेल यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है।
इस निरीक्षण अभियान के दौरान डीआरएम के साथ कटिहार रेल मंडल के कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह, आरपीएफ कमांडेंट श्री संदीप कुमार पी.एस., वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) प्रभात कुमार सिंह और वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता पंकज पाल मुख्य रूप से शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह