डीआरएम ने राघोपुर रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

 




सुपौल, 10 मई (हि.स.)। समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रविवार को राघोपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।

करीब 26 मिनट तक स्टेशन परिसर में मौजूद रहकर उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, स्टेशन संचालन और विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। डीआरएम के राघोपुर पहुंचते ही स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र एवं फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां भी कमियां नजर आईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। स्टेशन परिसर में लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन शिलापट्ट के आसपास गंदगी देखकर डीआरएम ने नाराजगी जताई और स्टेशन अधीक्षक को सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने स्टेशन और रेल सेवा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को डीआरएम के समक्ष प्रमुखता से रखा तथा मांग पत्र सौंपा। समाजसेवी उमेश गुप्ता और वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी ने राघोपुर स्टेशन के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-106 पर बने रेलवे ओवरब्रिज के बाद ढाला बंद होने से आम लोगों को हो रही कठिनाइयों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ढाला बंद होने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यवसायियों और ग्रामीण इलाकों से आने-जाने वाले लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। साथ ही नगर पंचायत सिमराही दो हिस्सों में विभाजित हो गया है और ओवरब्रिज पर पैदल आवाजाही की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए वहां लाइट ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी गई।

मौके पर उमेश गुप्ता, मयंक गुप्ता, संत अमरजीत, सागर यादव, स्मृति कुमारी, प्रशांत वर्मा, गुड्डू गुप्ता, अमित यादव सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र