153 लीटर विदेशी शराब के साथ चालक गिरफ्तार
भागलपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। श्रावणी मेला शुरू होने से पहले बाईपास थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 153 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से लदे एक चारपहिया वाहन को जब्त करने के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित झारखंड के गोड्डा जिले के पौड़ेया थाना क्षेत्र अंतर्गत बासमुंडी गांव निवासी इमामुद्दीन अंसारी (पिता- हारुन अंसारी) है।
बाईपास थाना अध्यक्ष चनवीर यादव ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से अवैध विदेशी शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने टाटा शोरूम के समीप वाहन जांच के लिए घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। वाहन की तलाशी लेने पर कुल 17 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। इनमें रॉयल स्टैग ब्रांड की 375 एमएल की 360 बोतलें तथा इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 375 एमएल की 48 बोतलें शामिल थीं। दोनों ब्रांड की शराब मिलाकर कुल 153 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने पुलिस को बताया कि वह केवल वाहन चालक है और प्रत्येक ट्रिप के बदले उसे 5000 पारिश्रमिक मिलता है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप झारखंड के गोड्डा जिले से लोड कर बिहार के खगड़िया ले जाई जा रही थी। विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने शनिवार को बताया कि बरामद विदेशी शराब और वाहन को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार चालक से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य तस्करों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर