डॉ. मधु कुमारी बनी एसएम कॉलेज शिक्षक संघ की सचिव
भागलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। एसएम कॉलेज भागलपुर में आखिरकार लंबे समय बाद शिक्षक संघ का चुनाव मंगलवार को सम्पन्न हो गया। शिक्षक संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद के साथ-साथ एक उपाध्यक्ष, एक सचिव, दो संयुक्त सचिव, एक कोषाध्यक्ष और पांच कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव किया गया।
सचिव पद के लिए दो शिक्षिकाओं ने पर्चा दाखिल किया। लेकिन इकोनॉमिक्स विभाग की शिक्षिका डॉ. रेशम विजय रत्ने ने स्वेच्छा से अपना नाम वापस ले लिया। वहीं अध्यक्ष सहित सभी अन्य पदों के लिए एक-एक उम्मीदवार ही मैदान में रहे। लिहाजा आम सभा के दौरान चुनाव अधिकारियों ने उन सबों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।
शिक्षक संघ चुनाव की सभी प्रक्रियाएँ भूस्टा के ऑब्जर्वर टीएनबी कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष और सिंडीकेट सदस्य प्रो. मुशफीक आलम और राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर मनोज कुमार की उपस्थिति में एसएम कॉलेज शिक्षक संघ के लिए अधिकृत चुनाव पदाधिकारी डॉ. श्वेता सिंह कोमल और डॉ. लोकेश कुमार ने लोकतान्त्रिक तरीके से सम्पन्न कराया। चुनाव के लिए बैलेट पेपर भी तैयार किये गए थे, लेकिन शिक्षकों ने आपसी समन्वय बनाकर निर्विरोध चुनाव की प्रक्रिया सम्पन्न करायी।
शिक्षक संघ के चुनाव में करीब 32 से भी अधिक शिक्षकों ने भाग लिया। विदित हो कि पूर्व सचिव डॉ. मनोरमा सिंह के त्यागपत्र देने और तत्कालीन अध्यक्ष डॉ. रमन सिन्हा के प्रभारी प्राचार्य बनने के बाद से ही महाविद्यालय का शिक्षक संघ निष्क्रिय और भंग हो गया था। शिक्षक संघ के चुनाव हेतु आहूत बैठक की अध्यक्षता प्रो. जगधर मंडल ने की। उन्होंने कहा की एसएम कॉलेज शिक्षक संघ का चुनाव शांतिपूर्ण और सौहाद्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो गया, अब जल्द ही भुस्टा का भी चुनाव कराया जाएगा। उन्होंने शिक्षक संघ को सशक्त और धारदार बनाने की अपील की।
चुनाव ऑब्जर्वर डॉ. मनोज कुमार और डॉ. मुशफीक आलम ने कहा की शिक्षक संघ जवाबदेह बने। अपनी समस्याओं को लेकर मुखर रहे। शिक्षक एकता को मजबूती प्रदान करें। संघ शिक्षकों की मांगों और समस्याओं के निराकरण को लेकर संघर्षरत रहेगा। उन्होंने एसएम कॉलेज शिक्षक संघ के सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनायें दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर