डॉ. दिनेश प्रसाद साह को राष्ट्रीय बालसाहित्य सृजन सम्मान
बाल साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान, 5100 रुपये की राशि भी प्रदान
दरभंगा, 11 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के भीलवाड़ा स्थित विनायक विद्यापीठ में आयोजित 27वें राष्ट्रीय बालसाहित्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में रविवार को राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कुशेश्वरस्थान पूर्वी के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश प्रसाद साह को ‘घीसूलाल सेन स्मृति राष्ट्रीय बालवाटिका सृजन सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान-पत्र, शॉल, पुष्पगुच्छ, श्रीफल और 5100 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि सीएम साइंस कॉलेज के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. युगेश्वर साह ने कहा कि बाल साहित्य बच्चों में संस्कार, संवेदना और व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी माध्यम है। इससे उनमें नैतिक मूल्यों और रचनात्मकता का विकास होता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. दिनेश प्रसाद साह ने कहा कि भावी पीढ़ी को ऐसी शिक्षा मिलनी चाहिए, जिसमें ज्ञान के साथ विवेक, उपलब्धि के साथ विनम्रता, अधिकार के साथ कर्तव्यबोध और सफलता के साथ संवेदना भी हो। दो दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न प्रांतों से आए बाल साहित्यकारों, शिक्षाविदों और साहित्यप्रेमियों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra