दरभंगा के तारडीह प्रखंड में डोंगल की समस्या से ठप काम, लोग परेशान — प्रशासन मौन
दरभंगा, 23 मार्च (हि.स.)।
जिले के तारडीह प्रखंड में डोंगल सक्रिय नहीं होने के कारण जमीन से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन कार्य ठप पड़े हैं। हैरानी की बात यह है कि यह समस्या हफ्तों से बदस्तूर जारी है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अंचलाधिकारी के हड़ताल पर रहने के कारण मंत्रालय के निर्देश के अनुसार उनके कई दायित्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपे गए हैं। किंतु बीडीओ का कहना है कि डोंगल सक्रिय हुए बिना वे चाहकर भी सीमांकन रिपोर्ट अपलोड या अन्य ऑनलाइन कार्य आगे नहीं बढ़ा सकते। वहीं प्रखंड प्रशासन का तर्क है कि डोंगल को सक्रिय करना विभागीय स्तर का कार्य है।
नतीजतन स्थिति यह बन गई है कि सरकारी दफ्तरों के बीच जिम्मेदारी एक-दूसरे पर टाली जा रही है और इसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। जनता दरबार में दिए गए कई आवेदनों पर कार्रवाई अटकी हुई है। कई लोगों ने जमीन अतिक्रमण को लेकर आवेदन दिया था, जिस पर सीमांकन का निर्देश भी हुआ, लेकिन डोंगल सक्रिय नहीं होने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। वहीं जिन मामलों में सीमांकन हो भी गया, वहां अमीन ऑनलाइन रिपोर्ट अपलोड नहीं कर पा रहे हैं।
स्थिति यह है कि सीमांकन रिपोर्ट, परिमार्जन और दाखिल-खारिज जैसे कई राजस्व कार्य पूरी तरह ठप हैं। लोग प्रखंड कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समाधान का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा। प्रखंड में लोग सवाल कर रहे हैं कि जब सरकार डिजिटल व्यवस्था के जरिए कामकाज को तेज और पारदर्शी बनाने की बात करती है,तब एक डोंगल की समस्या हफ्तों तक क्यों बनी रहती है और उसे दूर करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है। जब तक इसका समाधान नहीं होता, तब तक जनता की परेशानियां कम होने की उम्मीद भी नहीं दिखती।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra