परमान नदी के बड़े पुलों के किनारे डॉल्फिन प्वाइंट,बनेगा इको टूरिज्म प्लेस
अररिया 23 जुलाई(हि.स.)।
परमान नदी में मौजूद डॉल्फिन की अठखेलियों को देखने के लिए परमान नदी के बड़े पुलों के किनारे को डॉल्फिन पॉइंट के रूप में विकसित किया जाएगा। इको टूरिज्म प्लेस के रूप में इलाके को विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।यह निर्णय डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित जिला गंगा समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में परमान नदी सहित जिले की नदियों के संरक्षण, स्वच्छता एवं जैव विविधता के संवर्धन को लेकर भी रणनीति बनाई गई।
परमान नदी में अवशिष्ट पृथक्करण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने, नदियों के किनारों पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा डॉल्फिन संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉल्फिन व्यू प्वाइंट, इको टूरिज्म प्लेस आदि विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का डीएम ने निर्देश दिया।परमान नदी के त्रिसुलिया घाट सहित अन्य बड़े पुलों के किनारे डॉल्फिन व्यू प्वाइंट, इको टूरिज्म प्लेस के निर्माण हेतु सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।नदियों को प्रदूषण से बचाने को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन कराने तथा आमजन को कपड़े के झोले के उपयोग के लिए जागरूक करने पर बल दिया गया।
इसके अलावा सभी नगर निकायों में शवदाह गृह के निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया, ताकि नदियों के किनारे होने वाले प्रदूषण को रोका जा सके और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी,कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता बुडको, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद अररिया सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर