सारण के लोहा छपरा विद्यालय पर बन रही डॉक्युमेंटरी फिल्म
सारण, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के नगरा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोहा छपरा ने एक उपलब्धि अपने नाम की है।विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजयेन्द्र कुमार विजय बताया कि राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान नई दिल्ली के नेशनल सेंटर फॉर स्कूल लीडरशिप द्वारा इस विद्यालय का चयन स्कूल लीडरशिप एकेडमी कार्यक्रम के तहत डॉक्युमेंटरी फिल्म निर्माण के लिए किया गया है।
विद्यालय में संचालित उड़ान क्लब ने अपनी कार्यशैली से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इस क्लब के माध्यम से छात्राओं को माहवारी स्वच्छता और पोषण के प्रति न केवल जागरूक किया जाता है बल्कि उन्हें नि:शुल्क सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जाते हैं। इसी पहल को दुनिया के सामने लाने के लिए फिल्म की शूटिंग आज विद्यालय परिसर में की गई। इस डॉक्युमेंटरी फिल्म का निर्देशन डॉ जैनेन्द्र दोस्त कर रहे हैं।
डॉ दोस्त ने बताया कि फिल्म में उड़ान के माध्यम से किए गए नवाचार के विभिन्न पहलुओं और छात्राओं के जीवन में आए बदलावों को फिल्माया गया है। स्कूल लीडरशिप एकेडमी कार्यक्रम के तहत नवाचार करने वाले चुनिंदा विद्यालयों का चयन किया जाता है। इस वर्ष बिहार से मात्र चार विद्यालयों को इस सम्मान के लिए चुना गया है, जिसमें लोहा छपरा विद्यालय का चयन सारण जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है।
इस पूरे प्रोजेक्ट का मार्गदर्शन एससीईआरटी पटना की विभाग प्रभारी विभा रानी कर रही हैं, जबकि समन्वय डायट वैशाली की व्याख्याता डॉ शालिनी प्रसाद द्वारा किया जा रहा है। सारण के जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण ने इस चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजयेन्द्र कुमार विजय और समस्त विद्यालय परिवार को उनकी मेहनत और सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार