एलपीजी को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें, आपूर्ति सामान्य: डीएम
किशनगंज, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई है।
शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है और वर्तमान में जिले में 8692 से अधिक गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने कहा कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था भी पूर्व की तरह चालू कर दी गई है। इससे उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं होगी और वे घर बैठे बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद दो से तीन दिनों के भीतर लाभुकों को सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है। साथ ही कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए धावा दल द्वारा नियमित छापेमारी भी की जा रही है। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है।
प्रशासन के अनुसार एलपीजी गैस से संबंधित आज कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह