डीएमसीएच अधीक्षक को हटाने की मांग पर कर्मचारियों का धरना पांचवें दिन भी जारी
दरभंगा, 13 जुलाई (हि.स.)।
दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) के अधीक्षक डॉ. जगदीश चन्द्र को हटाने तथा अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर कर्मचारियों का धरना-सत्याग्रह सोमवार को लगातार पांचवें दिन भी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल परिसर में जारी रहा। आंदोलन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
मधु महतो एवं दीप नारायण पासवान की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित सभा में वक्ताओं ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए अधीक्षक पर कर्मचारी विरोधी रवैया अपनाने और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं करने का आरोप लगाया। कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा और मंत्री अजय कुमार साह ने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने एक्स-रे मशीन खराब रहने, पैथोलॉजी जांच रसायनों के अभाव में प्रभावित होने तथा दवाओं की कमी का मुद्दा उठाया। साथ ही कर्मचारियों एवं नर्सों के कथित उत्पीड़न, प्रभारी परिचारिका संगीता कुमारी-2 के विरुद्ध कार्रवाई वापस लेने तथा बीएससी नर्सिंग कॉलेज में प्रतिनियुक्त लिपिक बैद्यनाथ ठाकुर से जुड़े मामले के शीघ्र समाधान की मांग दोहराई।
धरना में बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे और मांगों की पूर्ति तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra