डीएमसीएच इमरजेंसी में युवती से दुर्व्यवहार, ड्रेसर गिरफ्तार
दरभंगा, 29 सितंबर (हि.स.)। दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवम अस्पताल (डीएमसीएच) के इमरजेंसी विभाग में सोमवार शाम ड्यूटी पर तैनात एक युवती के साथ कथित छेड़खानी एवं दुर्व्यवहार का मामला सामने आया। आरोप इमरजेंसी में कार्यरत एक ड्रेसर पर लगाया गया है। घटना के बाद कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरातफरी की स्थिति रही।
बताया जाता है कि ड्रेसर की ड्यूटी इमरजेंसी के रेड जोन में थी। इसी दौरान इमरजेंसी कॉरिडोर के समीप स्थित एक कमरे में ड्यूटी पर मौजूद युवती के साथ कथित रूप से छेड़खानी का प्रयास किया गया। युवती के विरोध कर शोर मचाने पर आसपास के अस्पतालकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपित ड्रेसर को पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलने पर डीएमसीएच अधीक्षक भी इमरजेंसी पहुंचे। पीजी चिकित्सकों एवं अन्य अस्पतालकर्मियों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। अस्पताल प्रशासन ने बेंता थाना पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष विनय मिश्रा पुलिस बल के साथ इमरजेंसी पहुंचे और युवती का फर्द बयान दर्ज किया। पुलिस आरोपित ड्रेसर को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि युवती से छेड़खानी एवं दुर्व्यवहार के आरोप में ड्रेसर को सोमवार शाम गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घटना के बाद डीएमसीएच इमरजेंसी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अस्पताल प्रशासन द्वारा मामले की विभागीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra