विकास योजनाओं की समीक्षा में डीएम सख्त
सुपौल, 22 मई (हि.स.)। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय तकनीकी पदाधिकारियों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पथ निर्माण विभाग, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, बुडको, भवन निर्माण विभाग, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, विद्युत आपूर्ति विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, शीर्ष कार्य प्रमंडल, पूर्वी एवं पश्चिमी तटबंध प्रमंडल समेत विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं तकनीकी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी सावन कुमार ने बैठक के दौरान सभी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि आम लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
बैठक में सबसे अधिक जोर सड़क एवं तटबंध से जुड़े कार्यों पर दिया गया। जिलाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग को जिले की क्षतिग्रस्त एवं जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम निकट है और ऐसे में खराब सड़कों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए जिन सड़कों की स्थिति खराब है, वहां तत्काल मरम्मती कार्य शुरू कराया जाए ताकि आवागमन सुचारु बना रहे। राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल एवं ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को भी सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
डीएम ने कहा कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क की स्थिति खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई होती है। ऐसे क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए कार्य कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में संभावित बाढ़ को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई। कोसी एवं अन्य नदियों से प्रभावित सुपौल जिला हर वर्ष बाढ़ की चुनौती का सामना करता है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने पूर्वी एवं पश्चिमी तटबंध प्रमंडल के अधिकारियों को संभावित बाढ़ से पहले सभी तटबंधों की मजबूती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं कमजोर स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक मरम्मती एवं सुरक्षा कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
डीएम ने कहा कि बाढ़ पूर्व तैयारी में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। तटबंधों की लगातार निगरानी की जाए तथा जहां कटाव या रिसाव की संभावना हो वहां समय रहते सुरक्षात्मक कार्य किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता अभी से सुनिश्चित कर ली जाए ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बैठक के दौरान भवन निर्माण विभाग एवं बुडको द्वारा संचालित विभिन्न भवन एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधूरे पड़े सरकारी भवनों, कार्यालयों एवं अन्य परियोजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं में अनावश्यक विलंब से सरकारी संसाधनों का नुकसान होता है और आम जनता को समय पर सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं।
विद्युत आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि गर्मी एवं बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें बढ़ जाती हैं। इसलिए ट्रांसफार्मर, जर्जर तार एवं अन्य तकनीकी समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए ताकि लोगों को निर्बाध बिजली मिल सके।
लघु जल संसाधन विभाग को सिंचाई योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि प्रधान जिले में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है। किसानों को समय पर पानी उपलब्ध हो, इसके लिए सभी योजनाओं को प्रभावी तरीके से संचालित किया जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी सावन कुमार ने सभी तकनीकी पदाधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं की सफलता अधिकारियों की सक्रियता एवं जवाबदेही पर निर्भर करती है। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि जिले में विकास कार्यों को गति मिल सके और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र