डीएम ने की साप्ताहिक समीक्षा बैठक, जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश

 


सुपौल, 07 सितंबर (हि.स.)।

जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय साप्ताहिक सोमवारीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में न्यायालय वाद, दाखिल-खारिज, जिला जनता दरबार, जन संवाद, राशन कार्ड, एनीमिया अभियान, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार और ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, अपर समाहर्ता-सह-आपदा प्रबंधन मो. तारिक, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विकास कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा विकास कुमार कर्ण, वरीय उप समाहर्त्ता पुष्पा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिले के बाहर के संबंधित पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र