भू-अर्जन के लंबित मुआवजे पर डीएम सख्त, भुगतान में तेजी लाने का निर्देश
किशनगंज, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में भू-अर्जन से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति और रैयतों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है।
शनिवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जिला भू-अर्जन कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न अभिलेखों, पंजियों, परियोजनाओं की स्थिति और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को भू-अर्जन से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पात्र रैयतों को नियमानुसार मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालय में संधारित विभिन्न अभिलेखों और पंजियों की जांच की।
उन्होंने कैश बुक, लॉक बुक, आगत-निर्गत पंजी सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन किया। अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी आवश्यक प्रविष्टियों को नियमित रूप से दर्ज करने और कार्यालयीन प्रक्रियाओं का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान रैयतों एवं अन्य संबंधित हितधारकों को देय मुआवजा राशि के भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठा। डीएम ने निर्देश दिया कि भुगतान से संबंधित मामलों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा की जाए। आवश्यक प्रक्रियाओं को समयसीमा के भीतर पूरा कर पात्र लाभुकों को नियमानुसार राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि भू-अर्जन के कारण प्रभावित लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
डीएम ने न्यायालय पंजी के साथ लोक शिकायत से संबंधित मामलों तथा सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की स्थिति भी जांची। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन करने तथा अनावश्यक देरी से बचने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यालय के कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी तथा कार्यालय के संबंधित कर्मी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह