सड़क सुरक्षा पर डीएम सख्त, लंबित हिट एंड रन मुआवजे पर मांगी रिपोर्ट

 


किशनगंज, 16 जुलाई (हि.स.)। समाहरणालय स्तिथ सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं, यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 434 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुई हैं, जबकि पोर्टल पर 235 मामलों की प्रविष्टि की गई है।

हिट एंड रन योजना के तहत 44 पीड़ितों को मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है।डीएम ने ऐसे सभी लंबित मामलों की समीक्षा कर भुगतान में हो रही देरी के कारणों का पता लगाने और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पश्चिमपाली चौक पर ऑटो और ई-रिक्शा को केवल निर्धारित स्टैंड में खड़ा कराने, पोर्टेबल डिवाइडर लगाने, स्टेशन से कैल्टेक्स चौक तक ओवरब्रिज के नीचे अवैध रूप से पार्क वाहनों को जब्त करने तथा पश्चिमपाली चौक से चुड़ीपट्टी जाने वाली सड़क किनारे बिजली के खंभे को हटाने के लिए बिजली विभाग से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर नियंत्रण कर जाम की समस्या कम करने पर भी जोर दिया गया।

डीएम ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्ट्रीट लाइट, कैट्स आई, रेट्रो रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड और पेड़ों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। नगर परिषद को अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रखने तथा सड़क किनारे सामान रखने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि एनएचएआई ने जिला परिवहन कार्यालय के समीप सर्विस रोड के टूटे स्लैब और रेलिंग की मरम्मत करा दी है तथा अन्य चिन्हित स्थानों पर भी कार्य जारी है।

ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समय पर कराई जा रही है। सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए माइकिंग, फ्लेक्स और बैनर के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में सड़क दुर्घटना के घायलों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले तीन लोगों को गुड सेमेरिटन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

निजी स्कूल बसों की सघन जांच जारी है तथा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

बैठक में एनएच-327ई पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने, कोल्ड स्टोरेज संचालकों को पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बहादुरगंज मोड़ पर गोलंबर एवं आरओबी निर्माण के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह