सारण में मुख्यमंत्री व रेल मंत्री के कार्यक्रम को लेकर डीएम और एसएसपी ने की संयुक्त बैठक

 




सारण, 18 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के छपरा में प्रस्तावित वीआईपी कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासनिक कवायद काफी तेज हो गई है। इसी सिलसिले में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस विनीत कुमार द्वारा समाहरणालय स्थित सभागार में सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान मुख्य रूप से सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात संचालन, वीआईपी सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की चौबीसों घंटे उपलब्धता जैसे बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की। कार्यक्रम से जुड़े सभी पहलुओं का सूक्ष्म मूल्यांकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

द्वय अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल स्थापित कर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी से करें। संवेदनशील स्थलों पर विशेष चौकसी बरतने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखने तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया ताकि यातायात सुचारू रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार