बक्सर में श्रावणी मेला की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

 


बक्सर, 26 जुलाई (हि.स.)। आगामी श्रावणी माह में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर रविवार को जिलाधिकारी बक्सर एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर ने संयुक्त रूप से बक्सर के रामरेखा घाट तथा ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्रावणी माह में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी, भीड़ नियंत्रण तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

जिला प्रशासन और बक्सर पुलिस ने भरोसा दिलाया कि श्रावणी माह के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra