डीएम-एसपी ने नालंदा जिले के उथरथू और ओंदा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

 


नालंदा, बिहारशरीफ 04 सितंबर (हि.स.)।

जिले के

डीएम एवं एसपी ने नालंदा जिले के उथरथू और ओंदा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण

किया। चार दिनों की लगातार हो रही वर्षा से नालंदा जिले के सभी नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है जिसके लिए नालंदा के जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक हृदयकांत द्वारा उथरथू एवं ओंदा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया ।

इस दौरान अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर की वर्तमान स्थिति, जलनिकासी की व्यवस्था तथा बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए तथा आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अंचल एवं प्रखंड प्रशासन को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित आबादी तक सूखा राशन, सुरक्षित पेयजल, आवश्यक दवाइयां एवं अन्य जरूरी राहत सामग्री की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित की जाए। जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। दूसरी ओर जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों एवं स्थानीय कर्मियों को जलस्तर एवं तटबंधों की लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति को देखते हुए जलनिकासी के त्वरित एवं प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में पशु चारा उपलब्ध कराने तथा पशुपालकों को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप को सक्रिय रखने तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने स्थानीय पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आपदा की इस स्थिति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया गया है।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रभावित ग्रामीणों से भी सतर्क एवं सावधान रहने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे