जिला में नदियों का जलस्तर सामान्य,डीएम ने एसपी के साथ किया परमान नदी का निरीक्षण
अररिया 27 अगस्त(हि.स.)। जिले में बहने वाली नदियों का जलस्तर सामान्य है।कोई भी नदी फिलहाल खतरे के निशान को छुई नहीं है।यह दावा अररिया जिला प्रशासन ने डीएम विनोद दूहन एसपी जितेन्द्र कुमार के साथ गुरुवार को परमान नदी के जलस्तर का निरीक्षण करने के बाद किया।डीएम और एसपी ने नदी के जलस्तर के साथ तटबंध एवं कटाव की स्थिति का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि परमान नदी का जलस्तर वर्तमान में सामान्य स्थिति में है। जलस्तर में किसी प्रकार की असामान्य वृद्धि नहीं पाई गई तथा नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है।
जिला स्थित परमान नदी खतरे के निशान 47.00 मीटर से 2.11 मीटर नीचे बह रही है, जो स्थिर अवस्था में है। वहीं, जोकीहाट स्थित कनकई नदी खतरे के निशान 46.94 मीटर से 1.39 मीटर नीचे तथा सिकटी स्थित बकरा नदी खतरे के निशान 61.40 मीटर से 1.75 मीटर नीचे बह रही है। तीनों नदियों का जलस्तर वर्तमान में स्थिर अवस्था में है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर