सीएम डैशबोर्ड और पुराने मामलों पर डीएम ने मांगी रिपोर्ट

 


किशनगंज, 26 मई (हि.स.)। समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में कार्य संस्कृति से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों, कार्यालय संचालन एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान कर्मियों की कर्म पुस्तिका संधारण, संचिकाओं के निर्गमन एवं प्रस्तुतीकरण, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली, नीलाम पत्रवाद, न्यायालय वाद, आपदा राहत, एसी-डीसी विपत्र, लोक शिकायत, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सूचना का अधिकार, लोकायुक्त, मानवाधिकार आयोग, सीपी ग्राम, सीएम डैशबोर्ड, सीएम जनता दरबार एवं सेवांत लाभ से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम ने वर्ष 2007-08 से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश देते हुए कहा कि वर्षों से लंबित मामलों का निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

डीसीएलआर स्तर पर वर्ष 1999-2000 के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया। 20 वर्ष से अधिक पुराने मामलों को संबंधित स्तर से अग्रसारित कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अंचल पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित मामलों की प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा कर निष्पादन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर लंबित आवेदनों की सूची तैयार कर अगली बैठक में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को भी कहा गया। बैठक में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही अतिक्रमित सरकारी भूमि पर लिए गए अवैध बिजली कनेक्शनों को काटने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, वरीय उपसमाहर्ता सुनीता कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह