सड़कों की बदहाली पर डीएम सख्त, निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

 


सीवान, 01 सितंबर (हि.स.)। जिले में सड़क एवं पथ निर्माण परियोजनाओं की सुस्त रफ्तार को लेकर जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने सख्त रुख अपनाया है।

मंगलवार को समाहरणालय में राष्ट्रीय उच्च पथ, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग एवं बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के तकनीकी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में डीएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में राम-जानकी पथ की प्रगति की समीक्षा करते हुए परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय उच्च पथ को मशरख-सीवान खंड तथा सीवान-मेहरौना खंड में अधिग्रहित भूमि पर चल रहे कार्यों में अपेक्षित तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। छपरा-सीवान एनएच-531 के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गयी। परियोजना निदेशक, एनएचएआई, छपरा को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा जरूरत के अनुसार संरचनात्मक एवं अन्य आवश्यक कार्यों को भी समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया गया।

ग्रामीण कार्य विभाग के पथों को लेकर भी डीएम ने गंभीरता दिखाई। कार्यपालक अभियंता को अनुरक्षण अवधि में आने वाली सभी सड़कों का आकलन कर शीघ्र मरम्मतीकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही सड़कों के किनारे उगी घास की नियमित सफाई और कटाई कराने को कहा गया, ताकि आवागमन के साथ सड़क सुरक्षा भी बेहतर बनी रहे।

समीक्षा के दौरान सिसवन आरओबी ढाला के पथ को लेकर भी निर्देश दिया गया। डीएम ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को उक्त पथ को मोटरेबल बनाने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और रास्ता सुगम हो सके।

जिलाधिकारी ने सभी तकनीकी पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का सतत निरीक्षण एवं नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सड़क और पथ निर्माण से जुड़ी योजनाओं में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समय-सीमा के भीतर पूरे कराये जाएं।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आवश्यक समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma