सुपौल में राशन कार्ड बनाने को लेकर लक्ष्य निर्धारित
सुपौल, 14 जुलाई (हि.स.)। मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के आलोक में जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने जिले में 13 अगस्त 2026 तक 29,299 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रतिदिन औसतन 977 नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को पंचायत स्तर तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है। अभियान के तहत पात्र एवं वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कराने पर जोर दिया जाएगा।
आवेदक अपने मोबाइल, साइबर कैफे या पंचायत भवन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड (मोबाइल से लिंक), जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक तथा आवेदक सहित परिवार का फोटो आवश्यक होगा।
जिलाधिकारी ने प्राप्त आवेदनों का त्वरित सत्यापन एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। जन-जागरूकता के लिए पंचायतों में माइकिंग, प्रचार वाहन, ग्राम सभाओं, जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य स्थानीय माध्यमों का व्यापक उपयोग किया जाएगा, ताकि अभियान की जानकारी प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंच सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राशन कार्ड निर्माण से जुड़े आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं अन्य औपचारिकताओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें तथा प्रतिदिन लक्ष्य के अनुरूप प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र एवं वंचित परिवारों से 31 जुलाई 2026 तक नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने की अपील की है, ताकि सत्यापन के बाद 13 अगस्त 2026 तक उन्हें राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा सके और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले खाद्यान्न सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र