स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर डीएम ने दिए कई निर्देश
सुपौल, 12 सितंबर (हि.स.)। जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सक पदस्थापित हैं, वहां उनकी विशेषज्ञता के अनुरूप बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की सेवा नियमित रूप से शुरू की जाए तथा ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में होने वाली शल्य चिकित्सा के प्रकार और संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेफरल अस्पताल तथा अनुमंडलीय अस्पताल में अधिक से अधिक शल्य चिकित्सा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि आवश्यक दवा सूची के अनुसार दवाओं का पर्याप्त भंडार हर समय उपलब्ध रहे, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान दवाओं की कमी का सामना नहीं करना पड़े। बैठक में एम्बुलेंस सेवा की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक एम्बुलेंस से प्रतिदिन कम से कम पांच फेरे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं “जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वारा” कार्यक्रम के तहत निर्धारित सभी सूचकांकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने को कहा गया।
एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि सभी चिकित्सा प्रभारी अपने स्तर से प्रतिदिन सभी निर्धारित सूचकांकों की समीक्षा करें और लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें। इसके अलावा नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, प्रसव पूर्व जांच, परिवार नियोजन तथा आशा कार्यकर्ताओं के चयन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, डीएमई, डीएएम सहित विभिन्न प्रखंडों से आए चिकित्सा प्रभारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड लेखा प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक एवं प्रखंड डाटा प्रबंधक उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र