यह भवन नहीं, गरीब बच्चों के सपनों की नींव है— कोढ़ा में छात्रावास निर्माण में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम

 


कटिहार, 18 नवंबर (हि.स.)। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बुधवार को कोढ़ा प्रखंड का दौरा कर कन्या उच्च विद्यालय (+2) और पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए निर्माणाधीन छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही जिले के विकास की असली नींव है। वहीं, निर्माणाधीन छात्रावास में कुछ स्थानों पर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्यपालक अभियंता को उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग करने और तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।

कन्या उच्च विद्यालय (+2), कोढ़ा के निरीक्षण के क्रम में डीएम ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं से सीधा संवाद किया और विज्ञान, गणित व अंग्रेजी के प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक समझ को परखा। उन्होंने छात्राओं को मोबाइल का सदुपयोग करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने प्रधानाध्यापिका को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, कमजोर छात्राओं के लिए विशेष कक्षाएं चलाने और पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला व कंप्यूटर कक्ष को अधिक क्रियाशील बनाने का निर्देश दिया। परिसर में शौचालय और पेयजल व्यवस्था में कमी मिलने पर उन्होंने बीडीओ व कार्यपालक अभियंता को तत्काल मरम्मत कराने तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी को शिक्षकों के रिक्त पदों को जल्द भरने व स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कल्याण विभाग द्वारा बनाए जा रहे 100 शैय्या वाले पिछड़ा एवं अति पिछड़ा छात्र छात्रावास का जायजा लिया। उन्होंने कमरों, अध्ययन कक्ष, मेस, पुस्तकालय, शौचालय, बिजली वायरिंग और प्लंबिंग कार्य की बारीकी से जांच की। डीएम ने कहा कि यह छात्रावास केवल भवन नहीं, बल्कि गरीब बच्चों के सपनों की नींव है, जहां से पढ़कर बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनेंगे। उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को भवन तैयार होते ही संचालन शुरू करने के लिए समय से पहले अधीक्षक, रसोइया और सफाई कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी कटिहार, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कोढ़ा, अंचल अधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, भवन निर्माण व कल्याण विभाग के अभियंता एवं विद्यालय के शिक्षकगण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह