तटबंध से अस्पताल तक डीएम का निरीक्षण, बाढ़ सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस
किशनगंज, 09 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने गुरुवार को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किशनगंज प्रखंड के गाछपाड़ा मौजाबाड़ी एवं डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय तटबंध का निरीक्षण कर बाढ़ से बचाव की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को तटबंधों के समीप पर्याप्त मात्रा में खाली बोरे, बालू, बोल्डर समेत सभी आवश्यक बाढ़ निरोधी सामग्री सुरक्षित रखने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग ने बताया कि किशनगंज प्रखंड के महानंदा नदी के बाएं तट पर स्थित साल्की-कमारमनी क्षेत्र में बाढ़ संघर्षात्मक कार्य तेजी से चल रहा है और इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद डीएम ने पोठिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में वेस्ट डिस्पोजल व्यवस्था पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही दवा काउंटर पर उपलब्ध सभी आवश्यक दवाओं की अद्यतन सूची डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित करने और चिकित्सकों का अद्यतन रोस्टर मुख्य द्वार पर लगाने का निर्देश दिया। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने पोठिया प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के आरटीपीएस काउंटर सहित विभिन्न कार्यालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को लंबित आवेदनों का पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह