डीएम ने जिला निबंधन कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश

 


अररिया 12 जून(हि.स.)। जिला निबंधन कार्यालय की शिकायत और नगर थाना में दर्ज किए गए कांड के आलोक में शुक्रवार को जिलाधिकारी विनोद दूहन ने जिला निबंधन कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण,रखरखाव एवं राजस्व से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संपूर्ण कार्यालय परिसर में निबंधन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए बनाए गए विभिन्न काउंटरों का अवलोकन किया तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने हाल के दिनों में निबंधन से संबंधित दर्ज एक प्राथमिकी के उपरांत की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित मामलों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्थल जांच में हरहाल में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने रोकड़ बही, कर्मियों की सेवापुस्तिका, गोपनीय चारित्रकी, पावर ऑफ अटॉर्नी पंजी सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। साथ ही सभी कर्मियों को आवंटित दायित्वों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यों में पारदर्शिता लाने हेतु कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने खोज एवं नकल कार्य से नगद प्राप्त होने वाली राशि के कोषागार में जमा किए जाने की व्यवस्था की भी जांच की। समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि इस मद में प्राप्त प्रत्येक दिवस की राशि अगले दिन अनिवार्य रूप से कोषागार में जमा कराई जाए।

मौके पर वरीय उप समाहर्ता अररिया सह विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला अवर निबंधक एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर