कोशी नदी के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण
सुपौल, 24 मई (हि.स.)। जिले के गोपालपुर सिरे पंचायत स्थित मेरिचा गांव में कोशी नदी के बढ़ते कटाव को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। पंचायत जदयू अध्यक्ष महबूब आलम के आग्रह तथा बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव के निर्देश पर शनिवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने कटाव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जनता दल यूनाइटेड के जिला महासचिव ओम प्रकाश यादव एवं सचिव राज कुमार साह भी मौजूद रहे। अधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ बातचीत करते हुए जिला पदाधिकारी ने कोशी नदी से हो रहे कटाव पर चिंता जताई और संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।दौरे के क्रम में ग्रामीणों ने प्रशासन को बताया कि लगातार कटाव के कारण कई परिवारों में भय का माहौल है तथा खेती योग्य जमीन भी प्रभावित हो रही है।
इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अगले तीन दिनों के भीतर फ्लड फाइटिंग का कार्य हर हाल में शुरू किया जाए, ताकि कटाव को रोका जा सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही कटाव निरोधी कार्य शुरू होने से गांव को राहत मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र