गंडक नदी के कटाव निरोधी कार्यों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
सारण, 06 मई (हि.स.)। मकेर गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मकेर प्रखंड के हैजलपुर का दौरा किया।
जिलाधिकारी ने वहां चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा तटबंध की सुरक्षा और जन-धन की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने कार्य की गति बढ़ाने के लिए युद्धस्तर पर काम करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित एजेंसी को मैनपावर और संसाधनों में वृद्धि करने तथा 24×7 दिन-रात मोड में काम सुनिश्चित करने को कहा। कार्य की निरंतर निगरानी के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सदर को तीन पालियों में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का आदेश दिया। साथ ही बाढ़ नियंत्रण विभाग को मौके पर ही एक कैंप ऑफिस स्थापित करने और सहायक अभियंता की स्थायी तैनाती करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी मकेर को प्रतिदिन कम से कम दो बार साइट का भ्रमण कर प्रगति रिपोर्ट भेजने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर, बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता, बीडीओ और अंचलाधिकारी सहित कई अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार