बरुआरी में सहयोग शिविर का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण, तीन लाभार्थियों को मिला कबीर अंत्येष्टि अनुदान

 


सुपौल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने गुरुवार को पंचायत सरकार भवन, बरुआरी में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने शिविर में आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सेवाओं तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए की जा रही कार्रवाई का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम सावन कुमार ने कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना के तहत तीन लाभार्थियों को चेक प्रदान किए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने आम लोगों की समस्याओं के निष्पादन में तत्परता बरतने पर भी जोर दिया।

शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं सुलभ कराना, उनकी समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है।

जिला प्रशासन की ओर से इस तरह के शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र