पोषण माह की गतिविधियों में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश
दरभंगा, 24 सितंबर (हि.स.)। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में पोषण माह 2026 के सफल आयोजन एवं विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में आईसीडीएस, स्वास्थ्य, जीविका, पंचायती राज तथा उपभोक्ता एवं खाद्य संरक्षण विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान पोषण माह के तहत विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित जन-जागरूकता गतिविधियों तथा उनकी पोर्टल पर प्रविष्टि की स्थिति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गतिविधियों का आयोजन करने और सभी कार्यक्रमों की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत प्रविष्टि पोर्टल पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, व्यय की प्रगति तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन, योजनाओं की नियमित निगरानी तथा प्रगति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
सभी प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को विभिन्न इंडिकेटरों में लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि दो दिनों बाद पुनः समीक्षा बैठक होगी। इससे पहले सभी लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा में पाया गया कि स्वास्थ्य विभाग की पोषण माह संबंधी गतिविधियों की पोर्टल पर प्रविष्टि नहीं की गई है। इस पर डीपीएम स्वास्थ्य को दो दिनों के भीतर सभी गतिविधियों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। डीपीएम जीविका को भी विभागीय गतिविधियों की पोर्टल पर प्रविष्टि कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने पोषण माह के उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस चांदनी सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra