श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
भागलपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। आगामी श्रावण मास एवं श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने सोमवार को बाबूपुर घाट से बूढ़ानाथ एवं भूतनाथ मंदिर तक विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न गंगा घाटों, शिवालयों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों का गहन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने एस.एम. कॉलेज घाट, बूढ़ानाथ घाट, बरारी घाट, भूतनाथ घाट सहित प्रमुख गंगा घाटों एवं शिवालयों का मुआयना किया। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सीढ़ियों की स्थिति, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बिंदुवार निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि आगामी श्रावणी मास को दृष्टिगत रखते हुए भागलपुर जिला के विभिन्न गंगा घाटों से प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र गंगाजल लेकर बाबा बासुकीनाथ, बाबा बैद्यनाथ धाम सहित विभिन्न शिवधामों के लिए प्रस्थान करते हैं।
इसके अतिरिक्त जिले के प्रमुख शिवालयों में भी श्रावण मास के दौरान जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि गंगा घाटों, शिवालयों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों पर स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सभी घाटों एवं मंदिर परिसरों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए तथा आवश्यकता अनुसार मरम्मत एवं समतलीकरण का कार्य किया जाए। 3
उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी, गोताखोर, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रबंधों का भी अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य, पेयजल, आपदा प्रबंधन एवं पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, नगर निगम किसलय कुशवाहा, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर