डीएम ने नवगछिया के राघोपुर बांध का किया निरीक्षण, बाढ़ से बचाव एवं सुरक्षा कार्यों का लिया जायजा

 


भागलपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर बांध का बीती देर रात निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति एवं तटबंध की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बांध की वर्तमान स्थिति, संवेदनशील स्थलों तथा बाढ़ से बचाव के लिए किए जा रहे निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को बांध की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहे तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से सुनिश्चित रखी जाएं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की भी जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने आम लोगों से भी प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने एवं किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी