जिलाधिकारी ने आसनपुर कुपहा में निर्माणाधीन परियोजना का किया निरीक्षण
सुपौल, 08 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को जिले के किशनपुर अंचल अंतर्गत आसनपुर कुपहा में बिहार पर्यटन विभाग द्वारा निर्माणाधीन ‘मार्गीय सुविधा’ परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की वर्तमान प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्य निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अभियंताओं एवं कार्यदायी एजेंसी के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्य की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन विभाग की यह परियोजना क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग और मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि इसका लाभ आम लोगों और पर्यटकों को मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सुपौल, अंचल अधिकारी किशनपुर, परियोजना से जुड़े अभियंता, आर्किटेक्ट सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र