मंडल कारा किशनगंज का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 


किशनगंज, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मंडल कारा किशनगंज का शुक्रवार की अहले सुबह जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया।

सुरक्षा कारणों को लेकर किए गए इस निरीक्षण की शुरुआत सुबह करीब 4 बजे हुई, जो लगभग चार घंटे तक चली। इस दौरान जेल के सभी वार्डों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने पुरुष एवं महिला वार्डों की तलाशी ली। साथ ही जेल परिसर के अस्पताल, साफ-सफाई व्यवस्था, बंदियों की क्षमता, मुलाकाती व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों की भी विस्तृत जांच की गई।

जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि मंडल कारा का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाता है। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी बंदी के पास से आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि कारा प्रशासन को सुरक्षा और व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर के अंदर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था की भी गहन पड़ताल की गई।

अधिकारियों ने बंदियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा जेल प्रशासन को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। बताया जाता है कि इस औचक निरीक्षण की पूर्व सूचना जेल प्रशासन को नहीं थी। डीएम और एसपी अचानक सुबह मंडल कारा पहुंच गए, जिससे अधिकारियों में हलचल मच गई। निरीक्षण में एडीएम अमरेंद्र कुमार पंकज, एसडीएम अनिकेत कुमार, जेल अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह