एलिवेटेड रोड के संभावित प्रभाव क्षेत्र का डीएम एवं जिला जज ने लिया जायजा
दरभंगा, 19 सितंबर (हि.स.)। प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना के एलाइनमेंट को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा और जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। प्रस्तावित मार्ग के निर्माण से न्यायालय परिसर का कुछ हिस्सा परियोजना क्षेत्र में आने की संभावना के मद्देनजर अधिकारियों ने स्थल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने न्यायालय परिसर के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया और प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के एलाइनमेंट, संभावित प्रभावित क्षेत्र तथा वहां मौजूद संरचनाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं से ली। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं के साथ स्थल पर उपलब्ध संरचनाओं और आवश्यक बिंदुओं से दोनों अधिकारियों को अवगत कराया।
अधिकारियों ने प्रस्तावित मार्ग के निर्माण के दौरान न्यायालय परिसर से संबंधित संभावित प्रभावों तथा परियोजना के क्रियान्वयन में आने वाले बिंदुओं पर भी स्थल पर जानकारी ली। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य परियोजना से प्रभावित होने वाले क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आगे की कार्रवाई के लिए आवश्यक तथ्यों की पहचान करना था। इस दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra