डीएलएड में स्पॉट नामांकन का मौका, 14 नवंबर तक ले सकेंगे दाखिला
सुपौल, 10 नवंबर (हि.स.)। शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। जिला मुख्यालय स्थित राधेश्याम टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में डीएलएड सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए स्पॉट एडमिशन का अवसर दिया गया है।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना की ओर से जारी विज्ञापन संख्या पीआर-253/26, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 के आलोक में 14 नवंबर तक स्पॉट नामांकन की प्रक्रिया चलेगी। इसके तहत निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले अभ्यर्थी कॉलेज में दाखिला ले सकते हैं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राधेश्याम यादव ने बताया कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित डीएलएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) उत्तीर्ण अभ्यर्थी स्पॉट नामांकन के लिए पात्र होंगे। जिन अभ्यर्थियों ने कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म (सीएएफ) भरा है, उनका नियमानुसार नामांकन लिया जा रहा है। उन्होंने योग्य अभ्यर्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
प्राचार्य ने बताया कि स्पॉट नामांकन का लाभ उन अभ्यर्थियों को भी मिलेगा, जिनका नाम प्रथम, द्वितीय या तृतीय चयन सूची में शामिल था, लेकिन किसी कारणवश वे निर्धारित समय पर नामांकन नहीं करा सके थे। ऐसे अभ्यर्थियों को भी अब दाखिला लेने का अवसर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि डीएलएड शिक्षक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण पाठ्यक्रम है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थी नामांकन की प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कॉलेज पहुंचें। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नामांकन से संबंधित आवश्यक प्रमाणपत्र एवं अन्य दस्तावेज साथ लेकर आएं तथा प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी कॉलेज से प्राप्त करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र