बिहार के लाखों शिक्षकों और जीविका कर्मियों की दीपावली अंधेरे में गुजरी, सरकार की संवेदनहीनता उजागर : असित नाथ तिवारी
पटना, 09 नवंबर (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सह संयोजक, मीडिया एवं प्रचार विभाग, असित नाथ तिवारी ने राज्य के लाखों शिक्षकों को अक्टूबर माह का वेतन अब तक नहीं मिलने और जीविका कर्मियों के समक्ष उत्पन्न आर्थिक संकट को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि बिहार के लाखों शिक्षकों को अब तक अक्टूबर महीने का वेतन नहीं मिला है। सरकार की इस लापरवाही के कारण शिक्षकों की दीपावली काली हो गई। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनकर विधान परिषद पहुंचे किसी भी एमएलसी ने इस गंभीर मुद्दे पर आवाज उठाने की जरूरत नहीं समझी। शिक्षकों के नाम पर राजनीति करने वाले तथाकथित शिक्षक नेता भी आज दूसरे कार्यों में व्यस्त हैं।
श्री तिवारी ने कहा कि एमएलसी चुनाव के दौरान शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने का वादा करने वाले नेता चुनाव समाप्त होते ही ऐसे गायब हो गए, जैसे गधे के सिर से सींग। चुनाव के समय शिक्षकों के हितैषी बनने वाले इन नेताओं की असलियत अब सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि यही स्थिति जीविका कर्मियों की भी है। वेतन के अभाव में जीविका दीदियां दीपावली पर दीपक तक नहीं जला सकीं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त