दिव्यांगजनों के सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक, 5 दिसंबर को अग्रसेन भवन में होगा भव्य आयोजन

 


कटिहार, 29 नवंबर (हि.स.)। कोशी क्षेत्रीय विकलांग, विधवा, वृद्ध कल्याण समिति एवं दिव्यांग महापरिवार, कटिहार के तत्वावधान में आगामी 5 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले दिव्यांगजनों के सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को स्थानीय यज्ञशाला मैदान (शिव मंदिर चौक) में दिव्यांग कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में होने वाले इस समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच स्वागत, प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया।

समाज कल्याण विभाग के बिहार राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य शिवशंकर रमाणी ने बताया कि समारोह 5 दिसंबर को दिन के 12:15 बजे से स्थानीय अग्रसेन भवन, विनोदपुर में आयोजित होगा। श्री रमाणी ने कहा कि सामूहिक विवाह को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। उन्होंने कटिहार के प्रबुद्ध नागरिकों तथा दिव्यांग भाई-बहनों से अपील की कि वे 5 दिसंबर को अग्रसेन भवन पहुंचकर अपना बहुमूल्य समय दें और नवविवाहित वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान करें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह