बक्सर में दिव्यांग जनों ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री का किया पुतला दहन

 


बक्सर, 24 जुलाई (हि.स.)। जिला दिव्यांग संघ के बैनर तले गुरुवार को स्थानीय वीर कुंवर सिंह चौक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले को देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और शिक्षा मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं से देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उनका कहना था कि इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने छात्रों के आंदोलन को न्यायसंगत बताते हुए कहा कि दिव्यांग समाज भी उनके संघर्ष के समर्थन में खड़ा है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों को कठोर दंड देने तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा को लेकर जोरदार नारेबाजी भी की गई।

प्रदर्शन में प्रमोद केसरी, दिलीप राम, अभय पासवान, पप्पू जायसवाल, प्रिंस इदरीसी, विनोद जी, मुन्ना भैया, हरिशंकर सहित जिला दिव्यांग संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra