बाल संरक्षण को लेकर प्रमंडलीय गोष्ठी आयोजित
भागलपुर, 19 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में समाज कल्याण विभाग बिहार सरकार की ओर से बाल संरक्षण को लेकर प्रमंडलीय स्तर की गोष्ठी सह संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को किया गया।
कार्यक्रम में भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह, बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा, बांका के उप विकास आयुक्त समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा भागलपुर न्यायालय के कई न्यायिक पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
पटना से पहुंची चाइल्ड लाइन की टीम ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी के अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को बच्चों की सुरक्षा उनके अधिकारों की रक्षा तथा बाल शोषण और तस्करी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन, पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर