सारण में अनुशासनिक कार्रवाई पर प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
सारण, 27 मई (हि.स.)। सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार के तत्वावधान में बुधवार को समाहरणालय सभागार में सरकारी सेवकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई संचालित किए जाने से संबंधित प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सामान्य प्रशासन विभाग के महानिदेशक सह मुख्य जाँच आयुक्त दीपक कुमार सिंह ने की। अपने संबोधन में महानिदेशक दीपक कुमार सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्यों अनुशासनिक कार्रवाई से संबंधित नियमावली तथा प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर विस्तृत प्रकाश डाला।
उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि सरकारी सेवकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया विधिसम्मत, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संचालित होना अत्यंत आवश्यक है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों का पूरी तरह प्रशिक्षित होना और प्रक्रियाओं से भली-भांति अवगत होना जरूरी है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए निदेशालय की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुशासनिक कार्रवाई से जुड़े मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन में अत्यंत उपयोगी तथा सार्थक सिद्ध होगा। इस प्रकार के प्रशिक्षणों से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता के साथ-साथ कार्य दक्षता भी बढ़ेगी।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के प्रशिक्षक एवं अवर सचिव सतीश कुमार तिवारी द्वारा बिहार सरकारी सेवक वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली, 2005 तथा बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रावधानों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अनुशासनिक कार्रवाई की संपूर्ण प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। इसके साथ ही अनुशासनिक प्राधिकार, संचालन पदाधिकारी एवं उपस्थापन पदाधिकारी के कर्तव्यों व दायित्वों को भी रेखांकित किया गया।
सत्र में आरोप पत्र गठन, संचालन, आरोप सिद्धि, दंड अधिरोपण, साक्ष्यों के आधार पर आरोपों के प्रमाणीकरण तथा गवाहों के परीक्षण जैसी गंभीर प्रक्रियाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रश्नोत्तरी और द्विपक्षीय संवाद के माध्यम से इस सत्र को व्यावहारिक बनाया गया।
इस कार्यक्रम में संयुक्त सचिव अमरेश कुमार अमर, आयुक्त के सचिव डॉ संजय कुमार, संयुक्त सचिव विभागीय जाँच अनिल कुमार राय, अवर सचिव शालिग्राम पाण्डेय सहित सारण प्रमंडल के तीनों जिलों के अपर समाहर्त्ता विभागीय जाँच तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार