नवगछिया में जयपुर से पहुंची साईंनाथ की दिव्य प्रतिमा, प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारियां तेज
भागलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले के साईं नगर सहौरा स्थित श्री शिर्डी साईंनाथ दरबार में शनिवार का दिन श्रद्धा और आस्था से सराबोर रहा। जयपुर में विशेष रूप से निर्मित साईं बाबा की दिव्य और भव्य प्रतिमा जैसे ही दरबार परिसर पहुंची, पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं के चेहरे पर अपार खुशी और आंखों में भक्ति की चमक साफ दिखाई दे रही थी। आम जनमानस के सामूहिक सहयोग से निर्मित हो रहा यह भव्य मंदिर नवगछिया अनुमंडल का इकलौता श्री शिर्डी साईंनाथ दरबार है, जहां बाबा के विराजमान होने की प्रतीक्षा अब अंतिम चरण में है।
इस अवसर पर श्री सद्गुरु साईंनाथ सेवा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शुभम यादव ने बाबा के विचारों को रेखांकित करते हुए कहा कि साईंनाथ का मूल संदेश “सबका मालिक एक” हमें मानवता, प्रेम और सामाजिक सद्भाव का मार्ग दिखाता है। वहीं, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. पी. राम केडिया ने कहा कि साईं बाबा की भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की नि:स्वार्थ सेवा और मानवता के प्रति समर्पण ही बाबा की सच्ची आराधना है।
उन्होंने कहा कि साईंनाथ की महिमा अपरंपार है और उनके बताए सेवा व प्रेम के मार्ग पर चलना ही ईश्वर की सच्ची भक्ति है। समिति के कोषाध्यक्ष सुरेश प्रसाद ने इस पुनीत कार्य में आमजन से मंदिर के स्थापना और निर्माण कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि परम पूज्य स्वामी आगमानंद जी महाराज के पावन मार्गदर्शन में मंदिर का भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान की तिथि जल्द ही विचार-विमर्श कर निर्धारित की जाएगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर