खाद्यान्न उठाव एवं वितरण को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

 






सारण, 16 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज खाद्यान्न उठाव एवं वितरण व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को खाद्यान्न का समयबद्ध और प्रभावी उठाव व वितरण सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।

सप्लाई चेन को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी ने तीनों परिवहन एजेंसियों को वाहनों की संख्या में पर्याप्त वृद्धि करने की हिदायत दी, ताकि किसी भी स्तर पर वितरण प्रभावित न हो।

इसके अलावा, जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को लंबित राशन कार्ड आवेदनों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर करने का स्पष्ट आदेश दिया।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी को लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करने और पारदर्शी संचालन के लिए एक विस्तृत कैलेंडर तैयार करने को कहा। साथ ही भंडारण व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए सभी एसडीओ को गोदामों का नियमित निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सदर एसडीओ, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, एजीएम और परिवहन एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार